दोनों विकास खंडों में ग्राम प्रधान के 255 पद व ग्राम पंचायत सदस्य के 3143 पद के लिए नामांकन करने वाले दावेदारों ने अपने समर्थकों के साथ संबंधित विकास खंड कार्यालय पहुंचकर अपने अपने पर्चे दाखिल किए।
अकबरपुर विकास खण्ड में ग्राम प्रधान के 136 पदों के लिए 541 व ग्राम पंचायत सदस्य 1674 पदों के लिए 153 तथा टांडा में ग्राम प्रधान के 119 पदों के लिए 547 व ग्राम पंचायत सदस्य 1469 पदों के लिए 165 दावेदारों ने नामांकन पत्र जमा किए।
इस प्रकार पहले दिनों ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 1406 दावेदारों ने नामांकन पत्र जमा किए। उधर नामांकन प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
प्रथम चरण में जहांगीरगंज, बसखारी व रामनगर तथा दूसरे चरण में कटेहरी व भीटी विकास खण्ड में संपन्न होने वाली नामांकन प्रक्रिया के बाद शनिवार से तीसरे चरण में अकबरपुर व टांडा विकास खण्ड में नामांकन प्रक्रिया गहमागहमी के बीच शुरू हुई।
नामांकन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में दावेदार अपने अपने समर्थकों के साथ संबंधित विकास खण्ड कार्यालय पर पहुंचने लगे। अकबरपुर के आरओ कमलेश कुमार ने बताया कि अकबरपुर विकास खण्ड में ग्राम प्रधान के 136 पद के सापेक्ष 541 व ग्राम पंचायत सदस्य के 1674 पदों के लिए 153 दावेदारों ने अपने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
इस प्रकार ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 694 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार आरओ विनोद कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान के 119 पदों के लिए 547 व ग्राम पंचायत सदस्य के 1469 पदों के लिए 165 दावेदारों ने अपने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
इस प्रकार यहां ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 712 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। उधर नामांकन प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए दोनों विकास खड में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। एडीएम रामसूरत पाण्डेय ने बताया कि नामांकन के लिए नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ मात्र एक प्रस्तावक को ही जाने दिया जा रहा था।