हंसवर के मोहम्मदपुर मुसलमान गांव के जंगल में लगी आग के बाद जलती आग। संवाद
अंबेडकरनगर। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार को लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। महरूआ, कटेहरी, इब्राहिमपुर और हंसवर क्षेत्र के कई गांवों में आग लगने की घटनाओं में करीब 14 बीघा गेहूं की खड़ी और कटी हुई फसल जल गई। साथ ही 18 बीघा अवशेष राख हो गया। इसके अलावा गृहस्थी, ट्यूबवेल का इंजन, पंखा, आम के पेड़ और बांस की कोठियां भी जलकर राख हो गईं।
महरूआ के हुसैनपुर गांव के बाग से दोपहर करीब 12:30 बजे आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। देखते ही देखते आग ने झाड़ियों और पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसकी लपटें 10 फीट तक ऊंची उठ रही थीं। आग के इस भयानक रूप को देखकर ग्रामीण अपने घरों और खेतों को बचाने के लिए बाग की ओर दौड़ पड़े। करीब 15 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझानी शुरू कीए लेकिन दमकल वाहन का पानी खत्म हो गया। पानी भरकर दोबारा आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। शाम चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस घटना में छह किसानों की
चार बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
कटेहरी संवाद के अनुसार अहिरौली के जगदरा में बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब खेतों में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के खेत भी इसकी चपेट में आ गए। अजय कुमार का पांच बिस्वा, श्रीकांत का 10 बिस्वा गेहूं का अवशेष जल गया। आग की चिंगारियां हाथपकड़ और फत्तेपुर गांवों तक फैल गईं। इन तीनों गांवों में कुल मिलाकर करीब 10 बीघा गेहूं की फसल और 18 बीघा गेहूं के अवशेष जल गए।
हंसवर संवाद के अनुसार मोहम्मदपुर मुसलमान गांव में बुधवार दोपहर एक बजे के करीब बाग में आग लग गई। तेज हवा के झोंकों के कारण आग और भड़क गई और उसकी लपटें 100 मीटर तक पहुंच गईं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझने से पहले दल सिंगार के ट्यूबवेल में रखा इंजन व पंखा, आम के तीन पेड़ और बांस की तीन कोठियां जलकर राख हो गईं। घटना के दौरान दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पाई थी।
आग में आशियाना और सामान जला
केदारनगर। इब्राहिमपुर क्षेत्र के अमीनपुर गांव में मंगलवार रात अज्ञात कारणों से सतीराम की झोपड़ी में आग लग गई। आग में पूरा आशियाना और सामान जलकर राख हो गया। सतीराम के भाई बनवारी की शादी आगामी एक मई को तय थी, जिसके लिए परिवार पिछले कुछ समय से तैयारियों में जुटा हथा। उन्होंने शादी के लिए नए कपड़े, जेवर और अन्य आवश्यक सामान की खरीदारी भी कर ली थी। अचानक लगी आग ने सब कुछ पल भर में जलाकर राख कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व कर्मियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया है।