अंबेडकरनगर। भीटी तहसील अंतर्गत रामबाबा में जल्द ही चार बेड का नया आयुर्वेदिक अस्पताल बनाया जाएगा। शासन ने इस परियोजना को स्वीकृति देते हुए पहली किस्त के रूप में 15 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। निर्माण की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को सौंपी गई है, जिसने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से यहां अस्पताल निर्माण की मांग कर रहे थे। ग्राम पंचायत द्वारा जमीन उपलब्ध कराए जाने के बाद अब यह मांग पूरी होने जा रही है। विभाग के अनुसार, यह बजट मूल रूप से जालौन जिले के लिए था, लेकिन वहां खर्च न होने के कारण इसे वापस शासन को भेज दिया गया था, जिसे अब रामबाबा अस्पताल के लिए आवंटित किया गया है। इस अस्पताल के खुलने से क्षेत्र के दस से अधिक गांवों की लगभग पांच हजार की आबादी को बेहतर और सुलभ आयुर्वेदिक इलाज मिल सकेगा। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रणजीत कुमार ने बताया कि पहली किस्त मिलते ही निर्माण की बाधाएं दूर हो गई हैं। जल्द ही अस्पताल का काम धरातल पर शुरू करा दिया जाएगा।