जहांगीरगंज। क्षेत्र में बिना डिग्री और पंजीकरण के संचालित अवैध अस्पतालों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए सीएचसी प्रभारी डॉ. कमलेश चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कई ठिकानों पर छापा मारा, जिससे संचालकों में हड़कंप मच गया।
सरजू नगर स्थित चांदसी दवाखाना पर छापे के दौरान संचालक विप्लव विमल कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वहां काफी मात्रा में अंग्रेजी व यूनानी दवाएं और उपकरण बरामद हुए, जिसके बाद अस्पताल को तत्काल सील कर दिया गया। इसके बाद टीम ने सिकंदरपुर मार्ग स्थित आरएन अस्पताल और बैंक ऑफ बड़ौदा गली के अलीम हेल्थ केयर क्लीनिक पर छापा मारा। आरएन अस्पताल से टीम के पहुंचने से पहले ही उपकरण हटा दिए गए थे।
वहीं अलीम हेल्थ केयर का पंजीकरण जून 2025 में ही समाप्त हो चुका था। विभाग ने इन दोनों केंद्रों के संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के कई अस्पतालों और क्लीनिक की जांच की है।