अंबेडकरनगर। खेमापुर में बुखार से दो बहनों की मौत मामले में लापरवाही के चलते एएनएम को निलंबित कर दिया गया जबकि सीएचओ की सेवा समाप्ति का निर्णय हुआ। इसके साथ ही सीएचसी प्रभारी व ब्लॉक सामुदायिक कार्यक्रम प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इस बीच बृहस्पतिवार को भी गांव में कैंप लगाकर मरीजों का उपचार हुआ।
खेमापुर में दो सगी बहनों की मौत मामले को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। बृहस्पतिवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कर डीएम ने खेमापुर समेत अन्य मामलों की विस्तार से समीक्षा की। निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में बुखार को लेकर हेल्प डेस्क बनाए जाएं। डीएम ने कटेहरी में तैनात एएनएम अरुंधति गुप्ता को निलंबित करने व सीएचओ अनामिका शुक्ला की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। यह प्रक्रिया विभाग ने शुरू भी कर दी। उधर डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ राजकुमार ने कटेहरी सीएचसी प्रभारी डॉ. अंकुश वर्मा व डीसीपीएम रीमा गुप्ता को भी नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है।
लापरवाही बरतने को लेकर जारी नोटिस में कहा गया कि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को भी गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। उन्हें दवाई भी सौंपी।