जलालपुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र कटका के चकिया नहर के पास झाड़ी में एक दिन पहले मिले युवक के शव की पहचान पुलिस ने थाना क्षेत्र जैतपुर के आशापार गांव निवासी विजय उर्फ शैलेंद्र के रूप में की है। उधर युवक की पत्नी ने पति के मौसेरे भाई सहित अन्य के खिलाफ थाने में तहरीर देकर गोली मारकर हत्या किए जाने की धारा में केस दर्ज करने की मांग की है।
आठ मई को विजय उर्फ शैलेंद्र (40) अचानक घर से लापता हो गया था। खोजबीन के बाद पता न चलने पर पत्नी शशि ने जैतपुर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। इस बीच मंगलवार शाम को अज्ञात शव कटका थाना क्षेत्र के चहिया नहर के पास झाड़ी में पड़ा मिला। बाद में इसकी शिनाख्त विजय उर्फ शैलेंद्र के रूप में हुई। अब शशि ने पुलिस को बताया कि उसे पता चला है कि आजमगढ़ जनपद निवासी उसके पति के एक मौसेरे भाई ने फोन कर दावत देने के लिए अपने घर बुलाया था। वहां किसी बात लेकर हुए विवाद में उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव को छुपाने के लिए यहां लाकर झाड़ी में फेंक दिया गया।
बताया जाता है कि विजय उर्फ शैलेंद्र पत्नी व बच्चों के साथ आशापार स्थित ननिहाल में मिले नवासे पर ही रहता था। इस संपत्ति को लेकर कुछ विवाद भी चल रहा था। घटना की जानकारी होने पर एएसपी संजय राय भी बुधवार को गांव पहुंचे और मामले में पूछताछ की। उधर एसओ अभय मौर्य ने कहा कि गुमशुदगी जैतपुर थाने में दर्ज हुई थी। शव का पोस्टमाॅर्टम करा दिया है। जैतपुर पुलिस विधिक कार्रवाई कर इसे विवेचना के लिए भेजेगी क्योंकि घटना स्थल आजमगढ़ है।