हाड़कंपाऊ ठंड का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को सुबह से ही न सिर्फ आसमान पर बादल छाए रहे, बल्कि सर्द हवाएं चलती रहीं। इससे तापमान में गिरावट आने के साथ ही लोगों को गलनभरी ठंड के दौर से गुजरना पड़ा।
दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप तो निकली, लेकिन तपिश न होने के चलते इसका लाभ लोगों को नहीं मिल सका। पूरे दिन लोग कड़ाके की ठंड से ठिठुरते रहे। कोई अलाव के सामने बैठकर ठंड से बचने का प्रयास करता रहा, तो कोई हीटर के सहारे शरीर को गर्म रखने की कोशिश में लगा रहा।
चाय की दुकानों पर भीड़ गुरुवार को दिखी। बीते तीन दिनों से लगतार पड़ रही ठंड के बावजूद प्रशासन द्वारा सार्वजनिकस्थलों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की जा सकी। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में अलाव की समुचित व्यवस्था करने को लेकर संबंधित अधिकारी पूरी तरह बेफिक्र रहे।
अकबरपुर नगर के दीपकुमार व संतोष दुबे ने कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद नगर पालिका प्रशासन सार्वजनिकस्थलों पर अलाव की व्यवस्था नहीं कर सका है। ऐसे में लोग ठंड से बचने के लिए स्वयं ही अलाव की व्यवस्था करने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
जलालपुर के मोहम्मद शमीम, खालिद व नवीन सोनी ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन दावे तो बढ़ चढ़कर करता है, लेकिन लोगों को ठंड से राहत दिलाने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है।
नाराजगी जताते हुए कहा कि पालिका प्रशासन के अलावा तहसील प्रशासन भी इस तरफ से पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। उधर एडीएम रामसूरत पाण्डेय ने बताया कि सभी एसडीएम को सार्वजनिकस्थलों पर अलाव की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।