अंबेडकरनगर। नगर पालिका अकबरपुर के शिव बाबा धाम परिसर में चल रहे श्रवण क्षेत्र महोत्सव में शुक्रवार की रात अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें देश के अलग-अलग प्रांतों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से लोगों को गुदगुदाया।
श्रवण क्षेत्र महोत्सव के सांस्कृतिक मंच से कवि सम्मेलन का शुभारंभ आयोजक डॉ. अनुपम पांडेय एवं संयोजक अभय सिंह निर्भीक ने कवियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करते हुए की। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कानपुर के कवि हेमंत पांडेय ने की। श्रद्धा शौर्य ने कहा कि राम बस नाम नहीं, सारे संसार का सार। सियाराम हैं माता पिता, सखा-बंधू, सारे संबंंध जिनसे, जीवन संघर्ष में आधार सियाराम हैं..पढ़कर पूरे माहौल को राममय कर दिया। पटना के चंदन द्विवेदी ने पढ़ा कि मुझसे इतना प्यार करोगी पागल हो, पूछन पर इनकार करोगी पागल हो, लव भी है और जुबां पर चुप्पी भी, इस पागल से प्यार करोगी पागल हो।
अभय सिंह निर्भीक ने पढ़ा कि खादी वर्दी के बेटों की सच्चाई भी सुन लेना, प्रश्न उठाने से पहले उनकी पीड़ा सुन लेना। अपने भीतर सिविल पुलिस की सांसें भरकर देखो तुम, 24 घंटे लगातार ड्यूटी करके देखो तुम। अपने अंदाज ए बयां व गुदगुदाती हुई कविताओं के लिए मशहूर कवि दिल्ली के शंभू शिखर मंच पर पहुंचे तो पूरा पंडाल तालियाें की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
शंभू शिखर ने वित्त मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि निर्मला सीतारमण महाकुंभ स्नान करके निकली तो एक नागा साधू खड़े थे, जिन्हें वित्त मंत्री ने प्रणाम किया। इस पर जवाब आया कि मैं आम आदमी हूं, टैक्स देते-देते यह हालत हो गई है। बाराबंकी के गजेंद्र प्रियांशु ने गीत रात भर मंच से तुमको गाया, सुबह छपे अखबार में प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। इस मौके पर बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सिटी देवेंद्र कुमार मौर्य, प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय, कार्यक्रम के सह प्रभारी गिरीश चतुर्वेदी, कमलेश श्रीवास्तव, दिलीप सिंह, संचित चतुर्वेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।