जलालपुर। कटका क्षेत्र में तीन दिन पूर्व हुई नवविवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीनों आरोपी घटना के बाद भाग गए थे और दूसरी जगह शरण लेने की फिराक में थे।
राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के शांतिपुर निवासी राम प्यारे निषाद ने अपनी 21 वर्षीय पुत्री प्रेमशिला की शादी 20 अप्रैल 2026 को कटका क्षेत्र के नूरपुर पुरवा बहादुरपुर निवासी विनोद के साथ की थी। शादी के दो माह भी पूरे नहीं हुए थे कि दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति, सास और ससुर उसे आए दिन मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। बीते शुक्रवार की रात विनोद ने प्रेमशिला की पीटकर हत्या कर दी। घटना के समय घर में मौजूद सास धनशीरा और ससुर रामलाल ने उसे बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। हत्या के बाद तीनों आरोपी घर छोड़कर भाग गए थे। प्रेमशिला का शव उसके कमरे में बेड पर पड़ा मिला था।
पिता की तहरीर पर पति विनोद, ससुर रामलाल और सास धनशीरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 5:45 बजे गोविंद साहब क्षेत्र के पास से पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। कटका थाना प्रभारी अक्षय पटेल ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।