अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बीच जिला अस्पताल की इमरजेंसी व बर्न वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। 24 बेड वाली इमरजेंसी के तीन वार्ड में छह नए एसी शुक्रवार को लगा दिए गए। वहीं, 10 बेड वाली बर्न यूनिट में भी लंबे समय से खराब पड़े चार एसी को दुरुस्त करा दिया गया है। अब एसी खराब होने के चलते झुलसी हालत में आने वाले मरीजों को इलाज कराने में सजा का अहसास नहीं होगा। साथ ही इमरजेंसी में भर्ती होने वाले गंभीर मरीजों को दमघोंटू माहौल से मुक्ति मिलेगी। बता दें कि अमर उजाला ने मरीजों के प्रति सिस्टम की इस संवेदनहीनता को प्रमुखता से उठाया था।
जिला अस्पताल में 24 बेड वाले इमरजेंसी के तीन वार्ड में लगे छह व 10 बेड वाले बर्न यूनिट में लगे चार एसी लंबे समय से खराब थे। इससे भर्ती मरीजों को बीमारी का दर्द सहने के साथ ही दमघोंटू माहौल से भी जूझना होता था। सबसे बुरी हालात तो बर्न वार्ड में भर्ती मरीजों की हो रही थी। एक तो झुलसने से होने वाली जलन, उस पर से भीषण गर्मी से ये बेहाल हो रहे थे।
मरीजों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसे गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने शासन को पत्र भेजकर इमरजेंसी व बर्न यूनिट में एसी लगाने की मांग की थी। इस बीच शुक्रवार को इमरजेंसी व बर्न यूनिट में भर्ती मरीजों के लिए राहत भरा रहा। इमरजेंसी के प्रत्येक वार्ड में दो-दो नए एसी लगाए गए, जबकि बर्न यूनिट में खराब पड़े चार एसी को दुरुस्त कराया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बर्न यूनिट में फिलहाल चार एसी दुरुस्त कराए गए हैं। जल्द ही दो नए एसी भी लगवाए जाएंगे। एसी के संचालन से इमरजेंसी व बर्न यूनिट में भर्ती मरीजों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
इमरजेंसी में भर्ती मरीज के तीमारदार बेवाना के संतराम ने कहा कि लंबे समय से खराब एसी के स्थान पर नए एसी लगाए जाने का कदम सराहनीय है। मरीजों के हित को देखते हुए एसी लगाया जाना जरूरी था। एसी लगने से भीषण गर्मी से जूझ रहे मरीजों को राहत मिली है। बर्न यूनिट में भर्ती मरीज के तीमारदार कटेहरी की शोभावती व पहितीपुर के अंगद ने कहा कि एसी खराब होने के चलते भर्ती मरीजों को भीषण गर्मी में व्यापक मुश्किलें उठानी पड़ती थीं। एसी का लाभ मिलने से मरीजों को राहत मिली है।
इमरजेंसी के तीन वार्ड में छह नए एसी लगवाए गए हैं। बर्न में यूनिट में खराब 4 एसी को भी दुरुस्त कराया गया है। शीघ्र ही बर्न यूनिट में दो नए एसी भी लगवाए जाएंगे।
- डॉ. एसपी गौतम, सीएमएस