लगातार पांच दिनों तक बैंकों में अवकाश के पहले दिन से ही एटीएम सेवाएं प्रभावित होने लगीं। जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में एक-एक कर एटीएम सेवा ने जवाब देना शुरू कर दिया। नतीजतन सुबह से उपभोक्ता एक से दूसरे एटीएम बूथ का चक्कर लगाते रहे लेकिन ज्यादातर को मायूसी ही हाथ लगी।।
जिला मुख्यालय पर ही विभिन्न बैंकों के लगभग दो दर्जन एटीएम बूथ स्थापित हैं जबकि जिले भर में इनकी संख्या लगभग पांच दर्जन है। शनिवार से पांच दिनों तक लगातार बैंक बंद होने के बावजूद एटीएम सेवा को सुचारु करने को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई कार्य योजना तैयार न किए जाने का ही नतीजा रहा कि अवकाश के पहले ही दिन सेवा बेपटरी हो गई।
अकबरपुर-फैजाबाद मार्ग स्थित स्टेट बैंक व एक्सिस, बाब, व रेलवे स्टेशन स्थित स्टेट बैंक के एटीएम तो दोपहर में ही जवाब दे गए। इसके बाद एक-एक कर एटीएम सेवा ठप होती रही। नतीजतन उपभोक्ता एक से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाते रहे।
कुछ ऐसा ही हाल टांडा, जलालपुर, आलापुर व भीटी तहसील क्षेत्रों में स्थित एटीएम सेवाओं का भी रहा। अकबरपुर के राधेश्याम व सुनील ने कहा कि पहले ही दिन धननिकासी के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ा। दीपक शर्मा व अरुण तिवारी ने कहा कि आगे और भी मुश्किलें खड़ी होना तय है।
एलडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एटीएम सेवाओं को सुचारु बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह तय किय जाएगा कि बैंकों में अवकाश के दौरान एटीएम में धन की उपलब्धता बनी रहे। ग्राहकों को मुश्किलों का सामना न करना पड़े, इस बारे में सभी बैंक प्रबंधकों से बात की जा रही है।