फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उल्लास से मनाई होली, चहुंओर बिखरा रंग

विज्ञापन
अंबेडकरनगर के शहजादपुर स्थित लोहिया चौक में होली पर्व के मौके पर रंग में सराबोर युवा। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिले में सोमवार को रंगों का पर्व होली उल्लास से मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। सुबह जहां विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं ने कपड़ा फाड़ होली खेली तो वहीं अपराह्न बाद अबीर गुलाल लगाने का दौर शुरू हुआ। एक-दूसरे के घर पहुंचकर लोगों ने अबीर गुलाल लगाया और गिले शिकवे भूलकर गले मिलकर होली पर्व की बधाई दी। वहीं इससे पहले रविवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विधिविधान के साथ होलिका दहन किया गया। होली पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जनपद की पुलिस सक्रिय नजर रही। इससे कहीं पर किसी तरह के विवाद की घटना सामने नहीं आई।
विज्ञापन

प्रेम व भाईचारे को मजबूती प्रदान करने वाला रंगों का त्योहार होली सोमवार को जिले में धूमधाम व उल्लास के साथ मना। चहुंओर उल्लास व उमंग के बीच होली का रंग बिखरा। रविवार को शाम होने के साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में परंपरा व धार्मिक अनुष्ठान के बीच होलिका का दहन हुआ। इसके साथ ही होली पर्व का उल्लास बिखरने लगा। सोमवार को भोर होने के साथ हीं होली हुड़दंग की टीम सड़कों पर निकल पड़ी।
एक-दूसरे को रंग व पानी से सराबोर करने के साथ ही अकबरपुर नगर के शहजादपुर आदि क्षेत्रों में जमकर कपड़ा फाड़ होली खेली गई। लगभग दोपहर तक यह सिलसिला जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलता रहा। दोपहर बाद युवाओं की टोली ने डीजे के धुनों पर थिरकते हुए होली का जश्न मनाया। अबीर गुलाल उड़ाते निकल रही युवाओं की टोली नागरिकों के आकर्षण का केंद्र रही। गिले शिकवे भूलकर सभी ने एक-दूसरे को होली पर्व की बधाई दी और अबीर गुलाल लगाया। आलापुर, जलालपुर, भीटी, महरुआ व कटेहरी आदि क्षेत्रों में होली पर्व धूमधाम से मना। उधर, आर्य समाज लोहियानगर में समाज के लोगों ने धूमधाम से होली मनाई।
विज्ञापन

टांडा के मोहल्ला मुबारकपुर में होली हुड़दंग समिति के तत्वावधान में रंगों का त्योहार होली धूमधाम एवं आपसी भाईचारे के साथ मना। रविवार की रात विधि विधानपूर्वक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन के उपरांत श्रद्धा के साथ होली जलायी गई। सोमवार को सुबह होलिका पूजन के बाद काली मंदिर में परंपरागत होली का रंगों का जुलूस होली हुड़दंग समिति के संयोजन में भव्यता के साथ निकला।
रंगों के जुलूस में ऊंट, घोड़े व आकर्षक परिधान पहने लोगों के बीच फगुआ गीतों पर थिरकते युवा जुलूस के आकर्षण का केंद्र रहे। रंगों के इस जुलूस ने अबीर गुलाल व रंगों की बौछार के बीच अपने पूर्व निर्धारित मार्गों पर नाचते गाते भ्रमण किया। जुलूस का संचालन श्री सुंदरकांड सेवा समिति के अध्यक्ष राहुल चौरसिया, सभासद आशीष यादव, भाजपा नेता अजय सोनी, सुनील मद्धेशिया आदि ने किया। मुबारकपुर बाजार में हाड़ी फोड़ने में युवाओं ने खूब दिलचस्पी दिखाई। मानव पिरामिड का अलग ही आनंद दिखा। मोहल्ला छज्जापुर श्रीझारखंड नाथ महादेव मंदिर से निकले टांडा के होली जुलूस में भाजपा नेता घिसियावन मौर्य, पूर्व सभासद रामजीत साहू, अधिवक्ता अजय प्रताप श्रीवास्तव, दिनेश मौर्य आदि मौजूद रहे।
एसपी ने बच्चों को बांटी पिचकारी व रंग
होली पर्व के मद्देनजर सोमवार को एसपी आलोक प्रियदर्शी व एएसपी संजय राय ने पुलिस टीम के साथ अकबरपुर नगर के शहजादपुर मोहल्ले में भ्रमण कर बच्चों को रंग व पिचकारी बांटीं। साथ ही बच्चों को सावधानीपूर्वक होली खेलने की सलाह दी। पुलिस विभाग की ओर से किए गए इस प्रयास की नागरिकों ने सराहना भी की। इसी बीच मंगलवार को पुलिस लाइन व विभिन्न थानों में पुलिसकर्मियों ने भी होली खेली। पुलिस लाइन में एसपी व एएसपी ने भी पुलिसकर्मियों के साथ होली खेली और पर्व की बधाई दी।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
पुलिस प्रशासन होली पर्व को लेकर काफी चौकन्ना दिखा। पुलिस की चौकसी का ही परिणाम रहा कि जिले में होली पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से निपटा। रविवार को जहां पुलिसकर्मियों ने निगरानी के बीच होलिका दहन का कार्यक्रम संपन्न कराया, वहीं सोमवार को होली के दिन भी पुलिस की सतर्कता के चलते कहीं पर किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नही हुई। एसपी आलोक प्रियदर्शी व एएसपी संजय राज संबंधित सीओ व थानाध्यक्षों से लगातार आवश्यक फीडबैक लेते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें