अंबेडकरनगर। जिले में नो हेलमेट, नो पेट्रोल अभियान के तीसरे दिन बुधवार को प्रशासन की सक्रियता के बावजूद इसका मिश्रित असर देखने को मिला। कुछ पेट्रोल पंपों पर सख्ती से आदेश का पालन हुआ, तो कई जगह नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई। पेट्रोल पंपों पर जहां सख्ती थी, वहां उधार का हेलमेट मांगकर वाहन चालकों ने पेट्राेल भरवाया।
दिनभर अफसर पेट्रोल पंपों पर चक्कर लगाते रहे, लेकिन कई बाइक सवारों की मानसिकता में बदलाव नहीं दिखा। लोग बगैर हेलमेट के ही बाइक सवारी करते नजर आए। बगैर हेलमेट पेट्रोल भरवाने पहुंचे कई बाइक सवारों ने बहाने बनाए और पेट्रोल देने की मिन्नतें करते दिखे। वहीं कुछ ने तो अभियान की सख्ती के बीच जुगत लगाई और उधार का हेलमेट पहनकर तेल डलवाया। इस बीच सक्रिय टीम ने अकबरपुर, बसखारी और जलालपुर क्षेत्रों में 30 बाइक चालकों का चालान किया।