अंबेडकरनगर। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के मद्देनजर अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों पर रोक लगा दी है। कार्तिक पूर्णिमा स्नान व मेले के मद्देनजर मंगलवार सुबह 11 बजे से बुधवार रात 11 बजे तक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। अयोध्या-अंबेडकरनगर बॉर्डर पर अहिरौली के यादवनगर, भीटी के चनहा चौराहा और इब्राहिमपुर के सेवागंज इलाकों में बैरियर लगाए गए हैं, जहां पुलिस कर्मी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे समेत अन्य मार्गों की ओर डायवर्ट कर रहे हैं।
ये रहेगा डायवर्जन प्लान
- गोरखपुर से अयोध्या जाने वाले वाहन गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट होंगे।
- आजमगढ़ व बसखारी मार्ग के वाहन न्यौतरिया बाईपास अकबरपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जाएंगे।
- अलीगंज के सम्हरिया चौराहा से सेवागंज बैरियर से अयोध्या जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
- संतकबीरनगर-बस्ती से आने वाले वाहन घनघटा, बिड़हल घाट, रामनगर होते हुए न्यौरी-जलालपुर-मालीपुर-सुरहुरपुर मार्ग से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जाएंगे।
- अहिरौली क्षेत्र के यादव नगर तिराहा से अयोध्या की ओर जाने वाले भारी वाहन सुल्तानपुर रोड की ओर जाएंगे।
- भीटी क्षेत्र के चनहा चौराहा से आने वाले वाहन भीटी बाजार होकर सुल्तानपुर रोड पर जाएंगे।
- अकबरपुर शहर के भारी वाहन तहसील तिराहा से शहजादपुर, गोहन्ना बाईपास होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जाएंगे।
मेले को लेकर डायवर्जन व्यवस्था लागू
अयोध्या में कार्तिक मेले को ध्यान में रखते हुए डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। बैरियर पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, इसमें किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
- अभिजीत आर शंकर, पुलिस अधीक्षक