शनिवार को जलालपुर में हुई बारिश के दौरान छाते के नीचे बैठा दुकानदार। संवाद
अंबेडकरनगर। दो दिनों से उमस और तेज धूप से परेशान लोगों को शनिवार दोपहर हुई झमाझम बारिश से राहत मिली। अचानक बदले मौसम के बीच जलालपुर, भीटी, कटेहरी और श्रवण क्षेत्र समेत कई ग्रामीण इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहाना हो गया। वहीं, निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। खेतों में पानी पहुंचने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे।
शनिवार सुबह से ही तेज धूप और उमस का असर रहा। दोपहर में अचानक आसमान में घने काले बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। जलालपुर, भीटी और कटेहरी क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई, जबकि अकबरपुर में बूंदाबांदी हुई। श्रवण क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे खेतों में पर्याप्त पानी पहुंच गया। तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। इससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि बारिश थमने के बाद लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली।
किसानों ने बारिश को राहत के रूप में लिया है। श्रवण क्षेत्र के किसान सूरज कुमार और रामकिशोर ने बताया कि इस समय हुई बारिश धान की फसल के लिए काफी फायदेमंद है। खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से सिंचाई का खर्च भी कम होगा। हालांकि गन्ना किसानों को तेज हवा की चिंता सता रही है। किसानों का कहना है कि बारिश के साथ तेज हवा चलने पर तैयार गन्ने की फसल गिर सकती है, जिससे नुकसान की आशंका है।