अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। गर्मी और लू की चपेट में आकर लोग बीमार पड़ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1057 नए मरीज पहुंचे। इनमें 205 मरीज बुखार दस्त-उल्टी व डिहाइड्रेशन से पीड़ित रहे।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही लोगों की लंबी कतारें लग गईं। अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 1057 मरीजों ने उपचार कराया। सुबह से ही परचा काउंटर, चिकित्सक कक्ष और दवा वितरण केंद्र पर मरीजों व तीमारदारों की भीड़ बनी रही। जिला अस्पताल के एक फिजिशियन के अवकाश व एक की स्पेशल ड्यूटी होने के कारण दो फिजिशियन ही मरीजों का उपचार किया।
फिजिशियन डॉ. मनोज शुक्ला व डॉ. योगेश वर्मा ने बताया कि तेज गर्मी के कारण लोगों की तबीयत तेजी से बिगड़ रही है। अस्पताल में बुखार, दस्त, उल्टी, डिहाइड्रेशन, वायरल संक्रमण और पेट संबंधी समस्याओं से पीड़ित करीब 205 मरीज पहुंचे। इसमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक रही। कई मरीज कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत लेकर भी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों का कहना है कि लोग धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और बाहर का बासी या दूषित भोजन खाने से बचें।
इमरजेंसी में 10 मरीजों को किया गया भर्ती
फोटो- 36
जिला अस्पताल की ओपीडी के साथ ही इमरजेंसी में भी मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। सोमवार को उल्टी, दस्त व बुखार के दस मरीजों को भर्ती किया गया। इमरजेंसी में अकबरपुर के दारीडीहा निवासी युग को बुखार, गरौना के सोनू, अतरडीह के प्रदीप, जमुनीपुर की सुनीता, पीपरपुर की रहने वाली किरन, गदाया के हैदर रजा को पेट दर्द के कारण भर्ती कराया गया। इसी तरीके से प्रतापीपुर की पुष्पलता, अफजलपुर की पुष्पलता, शिवसागर व सम्मनपुर के रिषभ को उल्टी-दस्त के कारण भर्ती कराया गया। सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने बताया कि ओपीडी के साथ ही इमरजेंसी में भी मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहना चाहिए।