टांडा के रौजा अलीबाग में शनिवार रात सजी महफिल।
विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। मौला-ए-कायनात हजरत अली के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार की रात टांडा नगर के विभिन्न इलाकों में श्रद्धा और अकीदत के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महफिलों, दुआओं और शायरी के जरिए हजरत अली की शिक्षाओं को याद किया गया।
टांडा के रौजा अलीबाग में मुतवल्ली दानिश मेंहदी के नेतृत्व में महफिल का आयोजन किया गया। मौलाना गुलाम मुर्तुजा ने कहा कि हजरत अली ने इंसानियत, इंसाफ और अच्छे आचरण का मार्ग दिखाया। उन्होंने हज़रत अली का कथन दोहराया। ऐसा जीवन जियो कि लोग तुम्हें मिलने की चाह रखें और जब तुम दुनिया से जाओ तो लोग तुम्हारे जाने का गम करें। इस दौरान स्थानीय शायरों ने कसीदे पढ़े। मीरानपुरा स्थित राजा मोहम्मद रजा कोट में अंजुमन हुसैनिया मीरानपुरा के सदस्यों ने राजा सैय्यद काजिम रजा के नेतृत्व में केक काटकर जन्मोत्सव मनाया और एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इस मौके पर अंजुमन सिपाहे हुसैनी हयातगंज के सदस्य भी मौजूद रहे। शिया टोला सकरावल, हयातगंज सहित अन्य इलाकों में भी दुआओं और धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से हजरत अली के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया।