अकबरपुर के शहजादपुर बाजार में पूजन सामग्री खरीदतीं महिलाएं।
अंबेडकरनगर। हरितालिका तीज का पर्व मंगलवार को जिलेभर में श्रद्धा और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सुहागिनें इस दिन निर्जल व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करेंगी और अपने पति की दीर्घायु एवं सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करेंगी।
परंपरा और आस्था के संगम हरितालिका तीज पर्व को लेकर ग्रामीण अंचलों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुहागिनें तीज की रात जागरण करती हैं और पारंपरिक लोकगीत विशेषकर कजरी गाकर देवी पार्वती का स्मरण करती हैं। त्योहार और व्रत के लिए महिलाओं ने अकबरपुर के शहजादपुर बाजार में पूजन सामग्री की खरीदारी की। कई महिलाओं को उनके पति ने जेवरात, साड़ी की खरीदारी बतौर उपहार कराई। जलालपुर, रामनगर, भीटी समेत अन्य बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ पहुंचती रही। सुलेमपुर स्थित शिव मंदिर पर हर साल की तरह इस वर्ष भी हरतालिका तीज पर भव्य मेला आयोजित किया जाएगा।
यह मेला लगभग 30 वर्षों से लग रहा है। मेले में दूर-दराज से व्यापारी आकर अपनी दुकानें सजाते हैं, जहां व्रती महिलाएं पूजन सामग्री, शृंगार व घरेलू सामान आदि की खरीदारी करती हैं। मेला आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों में खासा उत्साह है। चहोड़ा घाट और रामनगर मंदिरों में दर्शन-पूजन का आयोजन आलापुर तहसील क्षेत्र के रामनगर और चहोड़ा घाट स्थित शिव मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।