जहांगीरगंज में राज्यपाल के आगमन की तैयारियों का जायजा लेते डीएम एसपी व अन्य
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज सुबह करीब 10.30 बजे जहांगीरगंज ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचेंगी। उनके आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और विकास विभागों की ओर से देर रात तक समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते कार जहांगीरगंज पहुंचेंगी। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से लाभ प्रदान किया जाएगा। जिनमें पोषण अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण पोटली और प्री-प्राइमरी किट का वितरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी सौंपी जाएगी। युवा उद्यमिता अभियान, पीएम किसान सम्मान निधि, श्रम विभाग योजनाएं, जीरो पॉवर्टी राशन कार्ड योजना आदि के लाभार्थी भी लाभान्वित होंगे। राज्यपाल का कार्यक्रम लगभग पौने दो घंटे का होगा, जिसके बाद वह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से गोरखपुर के लिए रवाना होंगी।
सुबह से ही अधिकारी डाले रहे डेरा
राज्यपाल के आगमन से पहले रविवार सुबह से एसडीएम आलापुर सुभाष सिंह, एएसपी पूर्वी श्याम देव, सीओ आलापुर प्रदीप सिंह चंदेल समेत तमाम अधिकारियों ने सुरक्षा व अन्य इंतजामों को परखा। शाम को डीएम अनुपम शुक्ला व एसपी केशव कुमार ने कार्यक्रम स्थल से लेकर ब्लॉक तक पहुंचने वाले मार्ग की गईं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।