नेशनल गेम में पदक जीतने के बाद खुशी जाहिर करतीं शिखा सिंह।
अंबेडकरनगर। गोंडा के वजीरगंज के अनभुला गांव के किसान रवींद्र सिंह की बेटी शिखा सिंह ओपन नेशनल और ओपन स्टेट के एथलेटिक्स खेत प्रतियोगिता में तीन गोल्ड, तीन कांस्य और दो सिल्वर पदक जीत चुकी हैं। साथ ही जनपद पुलिस का नाम नेशनल स्तर पर चमका रही हैं।
शिखा वर्ष 2021 में पुलिस लाइन में ट्रेनिंग के बाद यहीं आरक्षी के पद पर तैनाती मिली। खेलों में रुझान होने के चलते यूट्यूब पर अरिष्ट योग सीखा। इसके बाद लखनऊ में छह सितंबर 2025 में अरिष्ट योग की यूपी टीम के ट्रायल में भाग लिया, जिसमें उनका 10 वें नंबर पर चयन हुआ। 13 अक्तूबर से 17 अक्तूबर 2025 में आंध्र प्रदेश के अमरावती में आल इंडिया पुलिस की स्टेट लेवल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न प्रदेश की 35 टीमों ने प्रतिभाग किया। यहां शिखा ने यूपी टीम की तरफ से खेलते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। पांच सितंबर 2025 को गाजियाबाद में आयोजित ओपन स्टेट गेम प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आने पर गोल्ड मेडल पाया। इसके बाद 11 से 14 सितंबर 2025 को छठवीं सीनियर व जूनियर नेशनल योगा खेल प्रतियोगिता में तीसरे पायदान पर रहीं। सितंबर माह के अंत में छत्तीसगढ़ में आयोजित ओपन नेशनल योगा प्रतियोगिता में कांस्य पदक लाकर जिले का मान बढ़ाया। शिखा ने बताया कि उनकी मां गीता सिंह गृहिणी हैं। वर्तमान में वह मेरठ की छठी बटालियन में रहकर अगली प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार कर रही हैं।