बसखारी (अंबेडकर नगर)। किछौछा के अटल खेल मैदान में रविवार को सरदार पटेल स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन महंत कृष्णा दास व नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने फीता काटकर किया। टूर्नामेंट में 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में हरैया ने बसखारी को हराकर शानदार जीत हासिल की।
पहले दिन बसखारी व हरैया की टीम के बीच मैच खेला गया। खेल के दौरान हरैया टीम के कप्तान अमन सिंह ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम दो विकेट खोकर आठ ओवर में 117 रन बनाने में कामयाब रही। जिसमें अमन ने सबसे अधिक 87 रन की ताबड़तोड पारी खेली। वहीं जवाब में उतरी बसखारी की टीम शुरूआत में ही विकेट खोना शुरू कर दिया और मध्यम क्रम पूरी तरीके से टूट गया। जिसके कारण छह विकेट के नुकसान पर महज 85 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में अमन ने दो बल्लेबाजों को भी चलता किया। इस तरीके से पहला मैच हरैया ने अपनी झोली में डाल लिया। इस दौरान आयोजक संजय वर्मा, अमन, भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रभान गुप्ता, युवा मोर्चा के पूर्व कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता, हरिओम गुप्ता व अन्य मौजूद रहे।