फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चहुंओर हर-हर महादेव

Tue, 02 Aug 2016 12:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय पर अयोध्या से जल लेकर वापस लौटे कांवरिये। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
‘हर-हर महादेव’ से सावन के दूसरे सोमवार को लगभग पूरा जिला गुंजायमान रहा। शिवालयों व पवित्र नदियों के घाटों पर बम भोले के जयकारे लगते रहे। शिव भक्तों ने नदियों से जल लाकर भोलेबाबा का अभिषेक  किया। तड़के से ही सड़कों पर कांवरियों का जत्था डीजे की धुनों पर थिरकते आगे बढ़ता दिखा। जगह-जगह लगे शिविरों पर कांवरियों का सत्कार किया गया। 
विज्ञापन


सावन का पवित्र माह शुरू होने के साथ ही लोगों में भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा व भक्ति बढ़ जाती है। मान्यता है कि सावन माह में भोले बाबा की सच्चे मन से की गई आराधना जरूर पूरी होती है। बाबा की अर्चना करने के लिए युवा, बुजुर्ग व महिलाओं समेत बच्चे कांवर भी उठाते हैं।

आस्था है कि पवित्र नदियों से जल लाकर भोलेबाबा का अभिषेक करने से जन्मों के पाप धुल जाते हैं और जीवन में सुख, शांति व समृद्धि का द्वार भी खुल जाता है। बाबा भोलेनाथ की आस्था का सैलाब सावन माह में लोगों को देखने को भी मिल रहा है। गली, मोहल्लों, मुख्यमार्गों पर चारों तरफ बाबा भोलेनाथ के जयकारे व गानों की धुनें ही सुनाई पड़ रही हैं।
विज्ञापन


भगवा रंग में रंगा कांवरियों का जत्था लगातार निकलने लगा है। हर हर महादेव, जय शिवशंकर, भोले नाथ के जयकारों से लोगों में भक्तिभाव पनप रहा है। कांवरियों के स्वागत के लिए भी लोगों के हाथ बढ़े हैं। जिले के विभिन्न बाजारों व चौराहों पर बाकायदा शिविर आदि की व्यवस्था की गई है। कांवरियों के बैठने से लेकर जलपान आदि तक की व्यवस्थाओं में लोग हाथ बंटा रहे हैं। 


सोमवार को कांवरियों का सैलाब जिला मुख्यालय से लेकर विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में उमड़ता दिखा। पवित्र धाम शिवबाबा में सोमवार का दिन होने के चलते अपार भीड़ जुटी। निगाहें जिस तरफ जाती, उधर भोले बाबा के भक्त भगवा कपड़ों में नजर आ रहे थे। भोर से ही जलाभिषेक का दौर शुरू हो गया था जो रात तक जारी रहा। यहां सुरक्षा व शांति व्यवस्था के लिए कड़े प्रबंध किए गए थे।

शहजादपुर शिवालय पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार हर हर महादेव, बोल बम, जय भोले  आदि के जयघोष से समूचे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया है। शिव भक्तों का जोरदार स्वागत कर अभिनंदन करने का दौर भी जारी है।

नगर के झारखंडनाथ महादेव मंदिर, हयातगंज शिवालय, तामेश्वर नाथ महादेव डुहिया,  झारखंड नाथ महादेव झारखंडी छज्जापुर, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर कस्बा कोइराना, नागेश्वरनाथ महादेव चौक, हिन्दू धाम शिवालय व उदासीन आश्रम आदि शिवालयों पर कांवरियों की भारी भीड़ जुट रही है। जलालपुर, आलापुर, भीटी, कटेहरी, हजपुरा व मालीपुर आदि क्षेत्रों में भी कांवर यात्रा का रंग छाया हुआ है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें