विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। पवित्र सरयू नदी के किनारे स्थित हनुमानगढ़ी घाट का विशेष तरह से सुंदरीकरण होगा। शासन ने इस स्थल को विशेष पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने का निर्णय लिया है। सरयू में उठती लहरों के बीच यहां आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और ज्यादा उल्लास के साथ आने वाले दिनों में हिलोरें लेती दिखेंगी। फिलहाल यहां जिला प्रशासन की तरफ से आरती के लिए तीन विशेष प्लेटफाॅर्म बनाए गए हैं। कई अन्य तरह के कार्य आगामी दिनों में होंगे।
टांडा नगर से होकर बह रही पवित्र सरयू नदी के किनारे हनुमानगढ़ी स्थित है। यहां नदी के किनारे मंदिर स्थापित होने के कारण एक अलग तरह का माहौल श्रद्धालुओं को मिलता है। जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थापित हनुमान मंदिर कई दशक पुराना है। मंदिर में प्रभु हनुमान जी की मूर्ति के अलावा राम दरबार तथा विष्णु भगवान के वाहन गरुड़ की प्रतिमा विराजमान है। प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को यहां बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सुबह शाम मंदिर में भगवान हनुमान की विशेष आरती होती है। श्रद्धालुओं की आस्था है कि यहां सच्चे मन से की गई मन्नत अवश्य पूरी होती है।
यहां खास बात यह है कि ज्यादातर श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने से पहले पवित्र सरयू नदी में गोता लगाकर खुद को पुण्य का भागीदार होना समझते हैं। श्रद्धालुओं की इसी अटूट आस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने यहां तीन विशेष आरती प्लेटफाॅर्म तैयार कराए हैं। लगभग 42 लाख की लागत से यहां भव्य प्लेटफाॅर्म का निर्माण हुआ है, जिससे प्रतिदिन यहां भी अयोध्या की तरह सरयू आरती की शुरुआत कराई जा सके। अगले कुछ दिनों में ही डीएम अविनाश सिंह की मौजूदगी में यहां दैनिक सरयू आरती की शुरुआत होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने यहां घाट की चौड़ाई भी बढ़ा दी है। पहले घाट सिर्फ 22 मीटर चौड़ा था। अब कुल 52 मीटर चौड़ा हो गया है। सरयू नदी तक जाने वाली सीढ़ी पर खास किस्म के पत्थर लगाकर खास लुक बीते दिनों ही दिया गया है।
अब इस घाट को विशेष पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करने की मंजूरी मिली है तो इससे यहां आने वाले दिनों में विकास व सुंदरीकरण के लिए विशेष पैकेज मिलने की उम्मीद जगी है।
श्रद्धालुओं को मिलेगी ज्यादा सहूलियत
हनुमानगढ़ी क्षेत्र के सभासद राकेश गुप्त कहते हैं कि अब हनुमानगढ़ी घाट जल्द ही आकर्षक लुक में दिखेगा। जिला प्रशासन के विशेष प्रयास से यहां कई तरह के महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। डीएम ने बीते दिनों भरोसा दिलाया है कि हनुमानगढ़ी मंदिर के बाहर प्रवेश द्वार के बाहर उत्तर व पश्चिम दिशा में भी पत्थर लगवाकर सुंदरीकरण कराया जाएगा। यहां दैनिक आरती की शुरुआत होगी तो मंदिर क्षेत्र की भव्यता और बढ़ेगी। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष अनुराग जायसवाल कहते हैं कि प्रदेश सरकार द्वारा इस घाट को विशेष धार्मिक स्थल की सूची में शामिल करने से अब निश्चित रूप से यहां श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी। इस पूरे क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को अब ज्यादा सहूलियत मिल सकेगी। पर्यटन के नक्शे पर हनुमानगढ़ी घाट उभरेगा तो यहां श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भी संख्या बढ़ेगी।