जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। युवती पर जानलेवा हमला करने के आरोपी का शव राजकीय महाविद्यालय के एक कक्ष में पंखे से लटकता मिला। शव कई दिन पुराना होने के चलते क्षत-विक्षत हो गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
21 मई को जहांगीरगंज के फतेहपुर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज के निकट एक सुनसान स्थान पर रामनगर पुरानी बाजार निवासी युवती जूही यादव खून से लथपथ दशा में मिली थी। उसे गंभीर दशा में इलाज के लिए भेजा गया। बाद में पता चला कि पड़ोसी गांव रामनगर महुवर निवासी अमरबहादुर ही युवती को लेकर वहां पहुंचा था। इसके बाद बातचीत के दौरान उसने युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद वह भाग खड़ा हुआ था। घटना के अगले दिन युवती के पिता सहकार यादव ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी थी। युवती के पिता ने युवक के परिजनों पर धमकी भी देने का आरोप इस बीच लगाया था। इधर बृहस्पतिवार को ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद प्रवेश पत्र के वितरण के लिए महाविद्यालय खुला तो विज्ञान संकाय के शिक्षण कक्ष में युवक का शव लटका दिखा। कई दिन पुराना होने के चलते दुर्गंध आ रही थी। युवक का शव उसकी ही शर्ट से बने फंदे से लटक रहा था।
मौके पर मिले परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। वहां एएसपी पूर्वी श्यामदेव ने मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल की। एसओ अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे का निर्णय होगा।