अंबेडकरनगर। जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता अब शुक्रवार से प्रभावी नहीं रहेगी। इससे विकास कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है। अलग-अलग विभागों ने इसका खाका तेजी से तैयार करना शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग ने जहां 200 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण व मरम्मत का प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया है तो वहीं स्वास्थ्य विभाग 14 स्वास्थ्य उपकेंद्र के हैंडओवर की तैयारी में है।
जलजीवन मिशन योजना के तहत 17 परियोजनाओं के जरिए 50 हजार आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अंतिम चरण में काम है तो वहीं इसी तरह कई अन्य विभाग भी आम लोगों को ज्यादा से ज्यादा लाभ तेजी से पहुंचाने के लिए अब काम शुरू करेंगे।
जल्द होगा बाइपास का निर्माण
अकबरपुर अयोध्या मार्ग स्थित प्रमुख बाजारों में एक कटेहरी बाजार बाइपास के निर्माण के लिए बीते दिनों ही शासन ने मंजूरी प्रदान की थी। लगभग 200 रुपये की लागत से 3.80 किमी. लंबे बाइपास का निर्माण होना है। बीते दिनों सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी प्रदान कर दी है। लोकसभा चुनाव के चलते प्रक्रिया रुकी हुई थी। अब जबकि आचार संहिता समाप्त हो गई है तो बाइपास निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
दुरुस्त होंगी 24 से ज्यादा सड़कें
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लगी आदर्श आचार संहिता समाप्त होते ही एक बार फिर से निर्माण व नवीनीकरण कार्य में तेजी आएगी। सहायक अभियंता अजय जायसवाल ने बताया कि 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दो दर्जन से अधिक सड़कों के नवीनीकरण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। शीघ्र ही प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। मंजूरी के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
शुरू होंगी पेयजल की 17 परियोजनाएं
जलजीवन मिशन योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घर घर पानी पहुंचाने के लिए जलजीवन मिशन योजना के तहत पहुंचाया जा रहा है। जिले के 899 गांवों में ग्रामीणों के घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए कुल 571 परियोजनाएं हैं। इसमें से लगभग 42 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, इनका संचालन भी प्रारंभ किया जा चुका है। इस बीच अब जबकि आदर्श आचार संहिता समाप्त हो रही है तो अब अन्य परियोजनाओं पर भी तेजी से काम शुरू हो जाएगा। अधिशासी अभियंता जलनिगम सूरज वर्मा ने बताया कि लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से 17 परियोजनाओं पर काम शुरू होगा। इसमें उकरा, रामनगर नरसिंहपुर, अफजलपुर, बसहियां, कोड़रा, खजुरी, मिझौड़ा, भीखपुर खुर्द, अक्खथरा नरायनपुर, पकड़ी भोजपुर, रहीमपुर पट्टी व आमा आदि शामिल हैं।
-
संचालित होंगे 14 स्वास्थ्य उपकेंद्र
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 4 करोड़ 34 लाख 99 हजार 400 रुपये की लागत से 14 स्वास्थ्य उप केंद्र का निर्माण पूर्ण किया गया था। तीन उप स्वास्थ्य केंद्र जनेश्वरी बुजुर्ग, ज्योतिपुर समैसा व खालिसपुर भटौली में तो विद्युकरण का भी काम पूर्ण कर लिया गया था। शेष 11 में विद्युतीकरण का काम आदर्श आचार संहिता लगने के चलते काम ठप था। अब शेष बचे उपकेंद्र के विद्युतीकरण का कार्य तेजी से किया जाएगा। अवर अभियंता स्वास्थ्य रामचंद्र प्रजापति ने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर योजना के तहत बनकर तैयार 14 स्वास्थ्य उपकेंद्रों का संचालन शीघ्र ही प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे लगभग 70 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
तेजी से होंगे सभी जरूरी काम
सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि जनहित के कार्यों को पूरी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। आदर्श आचार संहिता अब शुक्रवार से खत्म हो रही है। ऐसे में सभी विभागों के पास जनहित में ज्यादा से ज्यादा काम करने का मौका है। इसका पूरा सदुपयोग कराया जाएगा। - अविनाश सिंह, डीएम