अंबेडकरनगर। ट्रेनों की लेटलतीफी ने रविवार को यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ रही। दिल्ली, लखनऊ, गुजरात समेत विभिन्न शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को कई ट्रेनों के विलंब से पहुंचने के कारण प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
रविवार को गुवाहाटी एक्सप्रेस दो घंटे 20 मिनट और इंदौर-पटना एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। वहीं गंगा-सतलज एक्सप्रेस एक घंटा 45 मिनट, सरयू-यमुना एक्सप्रेस डेढ़ घंटा और दरभंगा-साबरमती एक्सप्रेस करीब एक घंटा छह मिनट की देरी से रवाना हुई। ट्रेनों के निर्धारित समय से न पहुंचने के कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा। कई यात्री ट्रेनों के आने की जानकारी के लिए बार-बार पूछताछ केंद्र और डिस्प्ले बोर्ड की ओर देखते नजर आए।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि संबंधित ट्रेनें अपने गंतव्य स्टेशन से ही विलंब से चल रही हैं, इसी वजह से अकबरपुर स्टेशन पहुंचने में देरी हो रही है। (संवाद)