. कलेक्ट्रेट के निकट निर्माणाधीन चंद्रशेखर पार्क। संवाद
अंबेडकरनगर। शहर में हरियाली बढ़ाने और लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए एक और उपवन विकसित किया जाएगा। शासन की ओर से उपवन योजना के तहत प्रस्ताव मांगे जाने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने इसके लिए उपयुक्त जमीन की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों की ओर से ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध हो और विकास कार्य कराने में कोई बाधा न आए।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, जमीन चिह्नित होने के बाद उपवन विकसित करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। इसमें भूमि का क्षेत्रफल और उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर विकास की रूपरेखा तय की जाएगी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उपवन बनने से शहरवासियों को हरियाली के बीच समय बिताने के साथ सुबह-शाम टहलने का एक और स्थान मिल सकेगा।
नगर पालिका के ईओ राजमणि वर्मा ने बताया कि उपवन योजना के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। ऐसी जमीन को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां विकास कार्य कराने में किसी तरह की अड़चन न हो। भूमि उपलब्ध होने के बाद प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया जाएगा।
पहले से एक पार्क, दूसरा निर्माणाधीन
अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के मीरानपुर में डॉ. आंबेडकर के नाम से पहले से एक पार्क बना हुआ है। यहां सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने और समय बिताने पहुंचते हैं। वहीं, कलेक्ट्रेट मार्ग पर चंद्रशेखर पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। इसका करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब उपवन योजना के तहत एक और हरित स्थल विकसित होने से शहर में पार्कों की संख्या बढ़ेगी। इससे लोगों को खुले और स्वच्छ वातावरण में सुकून के पल बिताने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।