अंबेडकरनगर। बसखारी के पूर्व प्रधान सुरेंद्र कुमार गौतम ने शुक्रवार को सहयोगियों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा ने जिला कार्यालय पर सुरेंद्र व उनके साथियों को पार्टी का झंडा थमा सदस्यता दिलाई। कई अन्य युवाओं ने भी पार्टी की सदस्यता ली। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह से केंद्र व प्रदेश सरकार युवाओं, किसानों व आम जनमानस के हक के साथ खिलवाड़ कर रही है, उससे उनका भरोसा अब भाजपा सरकार से उठ गया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार हर मुद्दे पर विफल है। न तो युवाओं का हक दिया जा रहा और न किसानों का। महंगाई का भार दिनोंदिन आम जनमानस के ऊपर डाल उनकी परेशानियों को बढ़ाया जा रहा है। पेट्रो मूल्य में लगातार वृद्धि से आम जनमानस पर अतिरिक्त भार डाल दिया गया, जबकि कोरोना महामारी के चलते पहले ही तमाम लोगों को रोजगार तथा व्यवसाय चौपट हो चुका है। पूर्व प्रधान सुरेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को आजाद कराने से लेकर देश को संवारने का काम किया है। वे कांग्रेस पार्टी की नीतियों व रीतियों पर चलने का संकल्प लेते हैं।
जिला प्रवक्ता अवधेश कुमार मिश्र बब्लू ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया। सदस्यता ग्रहण करने वालों में सुरेंद्र के अलावा अतुल, रंजन, करमजीत, मुकेश, रजनीश आदि शामिल रहे। इस मौके पर नगर अध्यक्ष गुलाम रसूल छोटू, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विशाल वर्मा, जयंत मिश्र, जिला सचिव मनजीत राजभर, रामजी वर्मा, परमानन्द शर्मा, राजितराम वर्मा, सुनील गौड़ व रितेश तिवारी आदि मौजूद रहे।