अंबेडकरनगर के मंगुराडिला स्थित तमसा नदी में शनिवार को दो बालिकाओं के डूबने के बाद तट पर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र जलालपुर अंतर्गत मंगुराडिला गांव में तमसा नदी में नहाने के दौरान दो बालिकाएं शनिवार शाम डूब गईं। दोनों भैंस चराने निकली थीं। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ युवकों ने नदी में घुसकर बालिकाओं की तलाश शुरू की।
देर शाम एक बालिका का शव तो मिल गया लेकिन दूसरी का कुछ पता नहीं चल सका। मंगुराडिला गांव निवासिनी रूमा (8) पुत्री सुभाष व सोनम (12) पुत्री इसरार शनिवार शाम पांच बजे के करीब गांव के बाहर तमसा नदी के किनारे भैंस चरा रही थीं। कुछ देर बाद दोनों तमसा नदी में नहाने चली गई। इसी बीच रूमा का पैर फिसल गया और वह नदी में डूबने लगी।
गुहार मचाते हुए सोनम ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन खुद संभलने की बजाय वह भी नदी में डूब गई। चीख-पुकार सुन व दोनों बालिकाओं को डूबता देख आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना गांव में पहुंची तो रोते-बिलखते परिवारीजनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
गांव के कुछ युवकों ने नदी में कूदकर बालिकाओं की खोज प्रारंभ कर दी। इस बीच जानकारी मिलने पर एसओ एनके पांडेय भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने भी ग्रामीणों की मदद से बालिकाओं की तलाश शुरू कर दी। देर शाम रूमा का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही मिल गया जबकि दूसरी बालिका का कोई सुराग नहीं लग सका।
एसओ एनके पांडेय ने बताया कि रविवार को एक बार फिर से तलाशी अभियान शुरू कराया जाएगा ताकि दूसरी बालिका के बारे में भी जानकारी मिल सके। रूमा का शव मिलने के बाद उसके परिवारीजनों में चीख-पुकार मच गई है जबकि सोनम के परिवारीजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी तादाद में पहुंचे लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।