अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक से वार्ता करते सांसद व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके पुठिया ने बुधवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यहां मुख्य तौर पर सांसद हरिओम पांडेय से मुलाकात की और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
सांसद ने जीएम से नॉन स्टाप ट्रेनों का अकबरपुर व गोसाईगंज में ठहराव सुनिश्चित किए जाने तथा पेयजल व्यवस्था को और प्रभावी बनाए जाने पर जोर दिया। विशेष ट्रेन से रेलवे महाप्रबंधक बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे मंडल रेल प्रबंधक एके लोहाटी व अन्य अधिकारियों के साथ अकबरपुर पहुंचे।
यहां प्लेटफॉर्म नंबर दो पर उनकी विशेष ट्रेन रुकने के बाद वे निरीक्षण करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आए। स्टेशन अधीक्षक कक्ष में उन्होंने सांसद हरिओम पांडेय से यात्री सुविधाओं को लेकर वार्ता की। सांसद ने अकबरपुर व गोसाईगंज में नॉन स्टाप ट्रेनों के ठहराव की जरूरत पर जोर दिया।
कहा कि आज से गाजीपुर से आनंदविहार तक सम्राट सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का जो संचालन शुरू किया गया है, उसे सप्ताह में तीन दिन अकबरपुर से होकर गुजारा जाए।
इसके अलावा जिले के सभी रेलवे स्टेशनों व गोसाईगंज में पेयजल व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाए। आवागमन, पार्किंग व प्रसाधन कक्ष की व्यवस्था को और प्रभावी बनाए जाने की मांग करते हुए सांसद ने कहा कि प्लेटफॉर्म नंबर एक के अलावा दो व तीन पर भी यात्री शेड की संख्या बढ़ाई जाए।
सांसद ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन के बगल आवागमन के लिए मार्ग निर्माण की जरूरत पर बल दिया। कहा कि इससे प्लेटफॉर्म नंबर एक की तरफ वाहनों की भीड़ कम हो सकेगी। जीएम बिना कोई भरोसा दिए लौट गए। इस मौके पर भाजपा नेता ज्ञानेंद्र पांडेय उर्फ छोटे, ज्ञानसागर सिंह व भरत शुक्ल आदि मौजूद रहे।