फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस जल्दी आना...

Mon, 01 Sep 2025 12:26 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
अकबरपुर के शहजादपुर में विसर्जन के लिए पंडाल से निकलीं गणेश जी की प्रतिमा।
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। गणेशोत्सव की रौनक रविवार को जिले में अपने चरम पर रही। शहजादपुर से निकलकर नगर की गलियों और मुख्य मार्गों से गुजरती प्रतिमाओं की शोभायात्रा ने माहौल को आकर्षक बना दिया। गाजे-बाजे, डीजे की धुन, गुलाल व जयकारों के बीच जब गणपति बप्पा की झांकी नई सड़क और मालीपुर रोड से होकर गुजरी तो हर ओर आस्था और उल्लास का रंग बिखर गया। शाम चार बजे प्रतिमाएं पंडालों से निकलकर नई सड़क पर पहुंचीं।
विज्ञापन

झांकियों की सजावट और रोशनी से सजी सड़कों ने मानो त्योहार की भव्यता को दोगुना कर दिया। रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजी झांकियां भक्तों को आकर्षित करती रहीं। श्रद्धालु फूल बरसाते हुए जुलूस का स्वागत करते रहे। इस दौरान महिलाएं थालियों में आरती उतारती दिखीं तो युवक डीजे की धुन पर थिरकते रहे। शाम सात बजे के बाद शोभायात्रा मालीपुर रोड पहुंची, जहां हजारों की भीड़ गणपति बप्पा के दर्शन को उमड़ पड़ी। अबीर-गुलाल वातावरण को आस्था और उल्लास से भरते रहें। रविवार देर रात करीब 10 बजे शोभायात्रा अरिया बाजार तालाब पहुंची। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए भक्तों ने गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन किया। तालाब किनारे चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ रही, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा। विसर्जन के समय पूरे वातावरण में एक अद्भुत आस्था का भाव दिखाई दिया। पांच दिनों तक चले गणेशोत्सव में भक्तों ने रोजाना विधिविधान से पूजा, आरती और भजन-कीर्तन किया। रविवार को हवन-पूजन के बाद प्रतिमाओं को विदाई दी गई। विदाई के क्षणों में भक्तों ने गणपति से सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। गुलाल में सराबोर श्रद्धालु झूमते और नाचते हुए बप्पा को विदाई देते रहे।



टांडा के राजघाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

टांडा में सरयू नदी के तट राजघाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छज्जापुर माझी टोला, काजीपुरा, अलीगंज, सकरावल, फट्टूपट्टी सहित आसपास के पंडालों से प्रतिमाएं पहुंचीं। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोर भी तैनात किए। भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना करते हुए प्रतिमाओं का विसर्जन किया। विदाई के क्षणों में श्रद्धालुओं की आंखें नम हो उठीं, वहीं जयकारों से सरयू तट देर रात तक गूंजता रहा।
विज्ञापन


जलालपुर में भंडारे के बाद होगा विसर्जन

जलालपुर डाकखाना कमेटी की ओर से पंडाल में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा का सोमवार को उस्मापुर पक्का घाट पर विसर्जन किया जाएगा। रविवार को हवन-पूजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कमेटी अध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने बताया कि वर्षों से यह परंपरा निभाई जा रही है, जिसमें नगरवासियों का विशेष सहयोग रहता है।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें