अंबेडकरनगर। धान खरीद केंद्रों पर किसानों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि किसानों के आधार कार्ड का दुरुपयोग कर उनकी जानकारी और सहमति के बिना फिनो बैंक में खाते खोले गए। इसके बाद धान बिक्री का भुगतान उनके पुराने बैंक खातों के बजाय नए खातों में भेज दिया गया। मामले में तीन किसानों ने ठगी की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी ईशा प्रिया से शिकायत की है।
मालीपुर क्षेत्र के घुरहूपुर निवासी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने 14 नवंबर को मंडी समिति सिझौली के क्रय केंद्र संख्या पांच पर 50 क्विंटल 40 किलो धान बेचा था। भुगतान के लिए उन्होंने शहजादपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा का खाता नंबर दिया था। पहले भी धान बिक्री का भुगतान इसी खाते में मिलता रहा है। नियमानुसार 48 घंटे में रकम खाते में पहुंचनी चाहिए थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ।
क्रय केंद्र पर जानकारी करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। विजय बहादुर का आरोप है कि 16 नवंबर को अमित साहू नामक व्यक्ति ने उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर बिना सहमति फिनो बैंक की शहजादपुर शाखा में खाता खुलवा लिया। इसके बाद धान बिक्री के 1,23,026 रुपये इसी खाते में भेज दिए गए।
बैंक पहुंचने पर कर्मचारियों ने आधार के जरिये खाते में रकम आने की पुष्टि की, लेकिन निकासी की लिमिट कम होने का हवाला देकर निकासी से मना कर दिया। किसान के मुताबिक बैंक से खातों की जानकारी लेने पर उनमें दर्ज मोबाइल नंबर मैहर, कटनी के पाए गए। इससे धोखाधड़ी की आशंका और गहरा गई है। किसान का दावा है कि क्रय केंद्र पर अन्य किसानों के साथ भी ऐसा हुआ है, सभी बैंक के चक्कर काट रहे हैं।
दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
मामले की शिकायत मिली है। लीड बैंक मैनेजर से संबंधित खातों में भेजी गई धनराशि को पहले सीज कराया जाएगा। इसके बाद मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - गोरखनाथ, डिप्टी आरएमओ