अंबेडकरनगर। अकबरपुर के विजय गांव स्थित नवयुग नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य व प्रबंधक के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। दो छात्रों ने फर्जी डिप्लोमा कोर्स के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट से गुहार लगाई थी।
अलर्क वर्मा और शेर अली के मुताबिक दोनों छात्र वर्ष 2022 में नवयुग नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में डीफार्मा कोर्स में दाखिला लेने पहुंचे थे। कॉलेज प्रशासन ने उन्हें बताया था कि यह कॉलेज सरकार से मान्यता प्राप्त है। दोनों ने विश्वास कर कॉलेज में प्रवेश लिया और फीस जमा कर दी।
जब परीक्षा का समय आया, तो कॉलेज प्रशासन ने शेर अली से 35 हजार रुपये और अलर्क वर्मा से 55 हजार रुपये वसूल लिए थे। उन्हें यह बताया गया कि उनकी परीक्षा मां शारदे कॉलेज ऑफ फार्मेसी हस्तपुर इमलास अलीगढ़ कराएगी, लेकिन परीक्षा के परिणाम के बाद जब छात्रों ने कॉलेज और परीक्षा संस्था की वैधता जांची, तो पता चला कि मां शारदे कॉलेज की कोई मान्यता नहीं है। इसे काली सूची में डाल दिया गया है। छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने कॉलेज प्रशासन से शिकायत की, तो डांटकर भगा दिया गया और धमकी दी गई कि वे चुप रहें।
इसके बाद छात्रों ने अकबरपुर कोतवाली में शिकायत की। कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने एसपी से शिकायत की। इस सीओ सिटी को जांच मिली। छात्रों का आरोप है कि सीओ के पेशकार ने उनके ऊपर मामले को रफा-दफा करने के लिए दबाव डाला। छात्रों के नहीं मानने पर उन्हें जांच के नाम पर महीनों दौड़ाया गया। इसके बाद पीड़ितों ने कोर्ट की शरण ली। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।