अंबेडकरनगर।जलालपुर में एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1.20 लाख रुपये साइबर जालसाजी के माध्यम से निकाल लिए गए। स्वयं को बैंक का सहायक प्रबंधक बताकर कॉल करने वाले ने मोबाइल एप डाउनलोड करवा कर डाटा हासिल किया और खाते से राशि ट्रांसफर कर दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जलालपुर के फखरपुर निवासी उदयभान ने शिकायती पत्र में बताया कि उसका खाता एचडीएफसी बैंक की जलालपुर शाखा में संचालित है। 25 जून को दोपहर करीब 3:30 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने कॉल की, जिसने स्वयं को एचडीएफसी बैंक का असिस्टेंट मैनेजर संजय जोशी बताया। कॉलर ने पैन कार्ड लिंक न होने की बात कहते हुए एक मोबाइल एप भेजने की बात कही और एप इंस्टॉल कर विवरण भरने को कहा।
पीड़ित के एप पर जानकारी भरते ही खाते से 1,20,000 रुपये की धनराशि निकल गई। अगले दिन जब वह बैंक पहुंचा, तो शाखा प्रबंधन ने बताया कि संजय जोशी नामक कोई भी कर्मचारी बैंक से संबद्ध नहीं है और यह एक साइबर अपराध का मामला है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।