अंबेडकरनगर। नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से धन ऐंठने का बड़ा मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय पर बेरोजगार युवक युवतियों को नौकरी दिलाने के नाम पर संचालित एक कंपनी रकम ले रही है। आरोप है कि नौकरी न मिलने पर राशि वापस मांगी जाती है तो कंपनी के कर्मचारी धमकाते हैं। मंगलवार को एक युवती ने संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जांच कराने व कंपनी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपने वाली इब्राहिमपुर थाना अन्तर्गत दुर्गापुर निवासी साक्षी शर्मा ने कहा कि करीब एक माह पूर्व उसकी मुलाकात अबरार नाम के एक व्यक्ति से हुई। उसने कहा था कि नौकरी चाहिए तो अकबरपुर इल्तिफातगंज मार्ग पर एक कंपनी संचालित है, वहां चली जाओ। यह भी कहा कि वहां मैनेजर से मुलाकात कर लेना, वह सब काम तुम्हें समझा देगी। साक्षी ने कहा कि वह संबंधित कंपनी पहुंची तो वहां एक युवती मैनेजर की कुर्सी पर बैठी थी। उसने कहा कि यदि नौकरी चाहिए तो 12999 रुपये जमा करो। शिकायत के मुताबिक, नौकरी के लालच में उसने रकम जमा कर दी।
कुछ दिन तक उसे कंपनी के कार्यालय में ही बैठने को कहा गया। इसके बाद कहा गया कि अब तुम और युवक-युवतियों को अपने साथ जोड़ो। मैंने दो युवतियों को जोड़ा, लेकिन इसके बाद भी कोई नौकरी नहीं दी गई। जब ठगी का एहसास हुआ तो दी गई राशि वापस मांगी। इस पर संबंधित युवती व एक अन्य युवक ने उसके साथ अभद्रता की और धमकी दी। साक्षी ने जिलाधिकारी को बताया कि उसकी तरह दर्जनों युवक व युवतियां हैं जो उनके चंगुल में फंसे हैं। उन सब से लाखों रुपये की वसूली की जा चुकी है। नौकरी किसी को भी नहीं दी गई। साक्षी ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।