अंबेडकरनगर। मदरसा शिक्षक एसोसिएशन के नेता जमाल अहमद के विरुद्ध 72 लाख से अधिक के गबन के मामले में एफआईआर की तलवार लटक गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीते दिनों जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सिंह प्रताप देव ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर तहरीर दी थी। इसमें कहा गया था कि मदरसा इस्लामिया स्कूल, अकबरपुर के विज्ञान के शिक्षक मोहम्मद जमाल अहमद को अलग-अलग तारीखों पर कई चेक सौंपे गए थे। उन्होंने संबंधित चेक न तो बैंक में जमा किए और न ही वापस किए। चेकों की धनराशि 72 लाख के करीब है। पूर्व में हुई जांच में जमाल अहमद को दोषी पाया गया था। प्रकरण में एसपी ने अकबरपुर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस पर कोतवाली पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। विभाग से जांच आख्या के साथ ही कुछ जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं, जिन्हें फिलहाल उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। उधर, लाखों की धांधली के इस मामले में विभाग के कई कर्मचारी की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।
इसे देखते हुए ही कोतवाली पुलिस केस दर्ज करने से पहले सभी जरूरी तथ्य इकट्ठे कर लेना चाहती है। इस बीच शिक्षक ने कहा कि वह लगातार मदरसा शिक्षकों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाते आ रहे हैं और विभागीय मनमानी उजागर करते रहे हैं। इसी के चलते उनके विरुद्ध साजिश रची जा रही है। कोतवाल नीरज सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। केस दर्ज करने से पहले जरूरी छानबीन चल रही है।