उटांडा। मारपीट में घायल हुए किशोर की मौत होने से हड़कम्प मच गया। मृतक के पिता ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। कहा कि पुलिस की मनमानी कार्रवाई से वह अपने पुत्र का उपचार नहीं करा सका। उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर छानबीन की बात कर रही है। पुलिस का कहना है कि किशोर की मौत बीमारी के चलते हुई है।
मामला अलीगंज थाना क्षेत्र के 17 वर्षीय साहबे आलम निवासी मुर्गीपुर खासपुर से जुड़ा है। किशोर की मौत होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता शहाबुद्दीन ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। कहा कि शनिवार की शाम को उसके पुत्र व गांव के कुछ बच्चों से मोबाइल फ़ोन गिर जाने को लेकर मामूली झगड़ा हुआ था।
इसके बाद आरोपी उसके घर पर हमला कर पत्नी शाबरीन व पुत्र साहबे आलम व दूसरे पुत्र शाहबाज को जमकर मारापीटा व लूटपाट किया। मारपीट में साहबे आलम को गंभीर चोट आ गई। वह मामले में कार्रवाई के लिए थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसे ही लाकअप में बंद कर दिया।
इसके चलते वह अपने पुत्र का उपचार नहीं करा सका। घटना से भयभीत उसके पुत्र ननिहाल चले गए। वहां गंभीर रूप से घायल साहबे आलम की मौत हो गई। उधर एसओ अलीगंज रामचन्द्र सरोज का कहना है कि किशोर की मौत बीमारी के चलते हुई है, फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।