अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में भर्ती डायरिया पीड़ित मरीज।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में संक्रामक रोग लगातार पांव पसारता ही जा रहा है। आए दिन जिला अस्पताल में डायरिया से पीड़ित मरीजों के भर्ती होने के बाद भी इस पर नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग का रवैया उदासीन है। नतीजतन शनिवार को भी चार महिलाएं डायरिया की चपेट में आकर जिला अस्पताल में भर्ती हुईं।
थाना क्षेत्र सम्मनपुर अंतर्गत सम्मनपुर निवासिनी सावित्री (26) पुत्री फिरतूराम शनिवार सुबह डायरिया की चपेट में आ गईं। परिवारीजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अकबरपुर थाना अंतर्गत पहितीपुर बाजार निवासिनी अंजू (22) पत्नी शशिकांत को शनिवार सुबह उल्टी-दस्त होने पर परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इसी थाना अंतर्गत बरवां नासिरपुर गांव निवासिनी रेखा (32) पत्नी घनश्याम को उल्टी-दस्त होने के बाद परिवारीजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, अकबरपुर थाना अंतर्गत ही मीरानपुर निवासिनी शोभा देवी (70) पत्नी जयप्रकाश को शनिवार सुबह उल्टी-दस्त होने लगा।
परिवारीजनों ने उनका पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन तबियत में सुधार न होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, जिले में डायरिया के लगातार बढ़ते प्रकोप के बाद भी स्वास्थ्य विभाग इस पर अंकुश पाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
न तो ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा सका है और न ही जागरूकता अभियान ही चलाया जा सका है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दवाओं का वितरण किया गया होता और समुचित साफ-सफाई की जाए तो डायरिया के बढ़ते प्रकोप पर अंकुश लगाया जा सकता है।