अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में भर्ती डायरिया पीड़ित मरीज।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में डायरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को इससे पीड़ित चार नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत पीठापुर निवासिनी रामपती (45) पत्नी बाबूलाल को गुरुवार भोर में उल्टी-दस्त होने लगा।
स्थानीय इलाज के बाद भी जब तबियत में सुधार नहीं हुआ तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं जहांगीरगंज थाना अंतर्गत आनापुर गांव निवासी अभयराज का दो वर्षीय पुत्र आर्यन गुरुवार सुबह डायरिया की चपेट में आ गया।
उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केवलापुर गांव निवासी बिट्ठल (60) पुत्र बलेश्वर गुरुवार दोपहर से पहले डायरिया की चपेट में आ गए। उल्टी-दस्त के बीच उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, सम्मनपुर थाना अंतर्गत संजरपुर गांव निवासिनी शांति (40) पत्नी रामजियावन को गुरुवार भोर में उल्टी-दस्त होने लगा। परिवारीजनों ने पहले उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन तबियत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।