विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में एक बुजुर्ग समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार अकबरपुर थाना अन्तर्गत शहजादपुर बाजार निवासी रविशंकर (68) सोमवार देर शाम घर के निकट सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
भीटी थाना अन्तर्गत भीटी बाजार निवासी रामफेर (58) मंगलवार सुबह बाइक द्वारा महरुआ जाते समय बाजार के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बेवाना थाना अन्तर्गत फत्तेपुर गांव निवासी विजय यादव (35) मंगलवार सुबह बाइक द्वारा अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना अन्तर्गत दोस्तपुर बाजार निवासी बब्लू (50) मंगलवार सुबह बाइक द्वारा अकबरपुर आते समय रामपुर सकरवारी गांव के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग जख्मी ः देरशाम आलापुर थाना क्षेत्र के रामनगर बाजार के पश्चिमी छोर पर बाभनपुर के पास तेज गति से आ रही बाइक की टक्कर लगने से थाना क्षेत्र के
ही बाभनपुर गांव निवासी रामभरत प्रजापति 65 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से परिवारीजनों ने उन्हें बाजार के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आजमगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वृद्ध की हालत गंभीर बतायी जाती है। घटना के बाद बाइक छोड़कर चालक फरार होने में सफल रहा।