जिले में संक्रामक रोग दिन-प्रतिदिन तेजी से फैलता ही जा रहा है। बुधवार को भी तेज बुखार से पीड़ित चार और मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। गौरतलब है कि कुछ दिनों से जिले में संक्रामक रोग तेजी से पांव पसार रहे हैं। तेज बुखार व डेंगू के प्रकोप से अब तक छह से अधिक मौतें हो चुकी हैं।
इसके अलावा प्रतिदिन तेज बुखार से पीड़ित मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। बुधवार को तेज बुखार से पीड़ित चार और मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेसुल्तानपुर निवासी निर्मोही (68) पुत्र जगदंबिका को मंगलवार दोपहर तेज बुखार चढ़ गया।
स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद भी जब तबियत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें बुधवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इसके अलावा महरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिनाथपुर गांव निवासिनी अनीता (20) पुत्री ठाकुर प्रसाद को तेज बुखार चढ़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चितवई गांव निवासी अतुल (25) पुत्र रामचंद्र को मंगलवार सुबह तेज बुखार चढ़ गया। बुधवार सुबह उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोरिकपुर गांव निवासी केशवराम की दो वर्षीय पुत्री सेहजल को बुखार की चपेट में आने के बाद बुधवार दोपहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।