फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: ट्रैक्टर-ट्राॅली लूटने वाले अयोध्या के चार बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

Sun, 09 Feb 2025 10:49 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
अहिरौली थाना क्षेत्र में मुठभेड़ में घायल गिरोह के सरगना मुन्ना सिंह को ले जाती पुलिस। 
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र अहिरौली में शनिवार रात पुलिस की लुटेरों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह का सरगना अयोध्या का शातिर अपराधी जख्मी हो गया। मुठभेड़ के दौरान घेराबंदी कर चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से तीन दिन पूर्व किसान से लूटी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली के अलावा असलहा व घटना में इस्तेमाल की गई बाइकें बरामद हुई हैं। मौके से फरार हुए एक अन्य लुटेरे की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
विज्ञापन

महरुआ थाना क्षेत्र के धानेतारा गांव निवासी किसान विजय वर्मा को बीते बृहस्पतिवार की रात चीनी मिल से गन्ना बेचकर लौटते समय अहिरौली थाना क्षेत्र में अकबरपुर-मिझौड़ा मार्ग पर दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने बंधक बना लिया था। लुटेरों ने किसान को बांधकर जंगल में फेंक दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली व मोबाइल लूटकर भाग निकले थे। एसपी केशव कुमार ने एएसपी पश्चिमी विशाल पांडेय के नेतृत्व में पांच टीमें गठित की थीं।
छानबीन के दौरान शनिवार रात करीब 12 बजे पुलिस का अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम नगहरा के पास लुटेरों से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही लुटेरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में जनपद अयोध्या के थाना महाराजगंज क्षेत्र के ग्राम मोहर्रमपुर निवासी गैंग लीडर मुन्ना सिंह उर्फ श्रवण कुमार गोली लगने से जख्मी हो गया। इस दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र के रसड़ा गांव के कुलदीप सिंह, पूराकलंदर थाना क्षेत्र के चौबेपुर गांव का अंकित चौबे व थाना इनायतनगर के मजनाई पूरे निशा उपाध्याय का पूरा गांव के अभिषेक उपाध्याय को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। मौके से पुलिस ने किसान से लूटी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली के अलावा तमंचा, कारतूस, खोखा व दो बाइकें बरामद कीं। घायल मुन्ना का सीएचसी भीटी में प्राथमिक उपचार कराया गया। एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक लुटेरा भाग निकलने में कामयाब रहा। उसकी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन



11 वर्षों से वारदातों को अंजाम दे रहा मुन्ना
पुलिस के मुताबिक गैंग लीडर मुन्ना सिंह 11 वर्षों से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। इस पर अयोध्या के पूरा कलंदर, महाराजगंज थाना क्षेत्रों में पहले से ही 22 मुकदमे दर्ज हैं। मुन्ना पर गुंडा एक्ट से लेकर गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। मुन्ना का गुर्गा अंकित चौबे भी शातिर अपराधी है। इसके खिलाफ अयोध्या से लेकर गोंडा, अंबेडकरनगर में पांच मुकदमे हैं। अभिषेक उपाध्याय पर अयोध्या, सुल्तानपुर व अंबेडकरनगर में पिछले पांच वर्षों में गैंगस्टर, चोरी समेत 11 मुकदमे दर्ज हुए हैं। कुलदीप सिंह के खिलाफ पहला मामला इसी लूट की वारदात में दर्ज हुआ है।
-

खुलासे में ये रहे शामिल
लूट के खुलासे में अहिरौली थाना प्रभारी के साथ एसएसआई यादवेंद्र सोनकर, प्रशिक्षु एसआई विवेक कुमार मिश्रा, एसओजी प्रभारी विनोद यादव, स्वाट प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी व उनकी टीम के अलावा सर्विलांस टीम से उमेश यादव, विपिन सिंह राठौर, शिवम व कुलदीप शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें