अंबेडकरनगर। मंगुराडिला बाजार के निकट सड़क के किनारे खड़े माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष को सोमवार पूर्वाह्न उधर से गुजर रहे पुलिस वाहन ने चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, अन्य सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलोें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जलालपुर थाना अंतर्गत लाभापार निवासी व माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष राजाराम वर्मा (69) सोमवार को मंगुराडिला बाजार के निकट सड़क के किनारे बाइक खड़ी कर खड़े हुए थे। बताया जाता है कि इसी बीच उधर से गुजर रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन पुलिस का था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। राजाराम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत देख लखनऊ रेफर कर दिया गया। रेफर करने से पहले अकबरपुर विधायक व पूर्व मंत्री रामअचल राजभर तथा कटेहरी विधायक व पूर्व मंत्री लालजी वर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर राजाराम का हालचाल जाना।
उधर, सम्मनपुर कोतवाली अंतर्गत कुर्कीबाजार निवासी मोहम्मद शरीफ (32) सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। बेवाना निवासी रामसजीवन (36) रविवार देर शाम बाइक से घर जाने के दौरान गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। अलीगंज थाना अंतर्गत सूरापुर निवासी लालजी (45) सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया।