अंबेडकरनगर। नशे में धुत कार चालक ने अलग-अलग स्थानों पर चार लोगोंं को टक्कर मारकर घायल कर दिया। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर देख उसे लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। कार चालक पर जानलेवा हमले का केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
टांडा कोतवाली पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गौहन्ना निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा अपनी कार लेकर टांडा की तरफ आ रहा था। हरीनगर के निकट पैदल गांव जा रहे मंशाराम को टक्कर मार दी। इसके बाद अल्ट्राट्रेक सीमेंट के फैक्ट्री के निकट एक ठेले को टक्कर मार दी। गनीमत रही की ठेला ले जा रहा व्यक्ति बाल बाल बच गया। सिटि सेंटर के निकट बाइक से जा रहे छोटी बाजार निवासी दिलीप, मौर्य और नितीश तिवारी को भी टक्कर मार दिया। हादसे में तीनोंं के पैर टूट गए। इसके बाद कार ने जुबेर जौराहे पर दो स्ट्रीट लाइट के खंभे को तोड़े हुए मदरसा कंजुम उलुम मदरसे से जा टकराई। सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराया गया। वहां से मंशाराम वर्मा की हालत गंभीर देख उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि जानलेवा हमले का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।