ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में एक किशोर समेत दो लोग घायल हो गए। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना क्षेत्र टांडा अंतर्गत बहलोलपुर गांव निवासी रमेश (35) पुत्र हौसिला प्रसाद अपनी पत्नी इंद्रावती (30) के साथ बाइक से मंगलवार देर शाम टांडा से घर जा रहा था। अभी वह गांव के निकट पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें सीएचसी टांडा ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इंद्रावती की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में एक किशोर समेत दो लोग घायल हो गए। मालीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदीपुर गांव निवासी नीरज (30) पुत्र शिवप्रसाद मंगलवार देर शाम मालीपुर से बाइक से घर जाते समय गांव के निकट पहुंचने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, हंसवर थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसवर बाजार निवासी मोहम्मद कैफ (14) पुत्र जावेद बुधवार सुबह साइकिल से बाजार जाते समय पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।