विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, एक की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। किसी भी घायल बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। लखनऊ के बख्शी का तालाब निवासी आफताब (20) पुत्र गैहरअली व अब्दुल (22) पुत्र शेरअली बुधवार सुबह एक ही बाइक से टांडा जा रहे थे।
नगर के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए। उन्हें पहले सीएचसी टांडा फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, आजमगढ़ जनपद के अहिरौला गांव निवासिनी बेलासी (40) पत्नी साहबलाल बीते दिन अंबेडकरनगर के बसखारी थाना अंतर्गत बसखारी बाजार आई हुई थी।
बुधवार सुबह बाजार के निकट सड़क पार करते हुए वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गई। उसे सीएचसी बसखारी ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, अकबरपुर थाना अंतर्गत मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी मोहसिन (18) पुत्र मोहम्मद अंसार बुधवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगाया था।