अंबेडकरनगर। होली से पूर्व कार्डधारकों को राशन उपलब्ध कराने के शासन के दिशा निर्देशों का जिले में पूरी तरह पालन नहीं हो रहा है। 14 मार्च तक 500 से अधिक कोटेदारों ने राशन की उठान ही नहीं की है, जबकि 18 मार्च तक पूरे जिले में राशन का वितरण का निर्देश दिया गया था। ऐसे में निर्धारित अवधि तक किस प्रकार से संबंधित कोटे से जुड़े कार्डधारकों को राशन उपलब्ध हो सकेगा, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है।
कार्डधारकों को होली से पहले ही राशन उपलब्ध हो सके, इसके लिए बीते दिनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देशित किया था कि 18 मार्च से पहले ही कार्डधारकों को राशन उपलब्ध करा दिया जाए। मुख्यमंत्री के तमाम दिशा निर्देशों के बावजूद जिले में इसका पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है। आलम यह है कि 14 मार्च तक 500 से अधिक कोटेदार अब तक राशन का उठान ही नहीं कर सके हैं। जिले में 1133 कोटे की दुकानें अलग-अलग क्षेत्र में संचालित हैं। इन कोटों से कुल 3 लाख 99 हजार राशन कार्डधारक जुड़े हैं। इसमें 65 हजार 967 अन्त्योदय कार्डधारक, जबकि 3 लाख 33 हजार 33 पात्र गृहस्थी कार्डधारक हैं।
शासन के निर्देशानुसार मार्च में होली पर्व को देखते हुए अंत्योदय कार्डधारकों को राशन के साथ ही तीन किग्रा. चीनी प्रति कार्ड दी जानी है। साथ ही ऐसे अंत्योदय कार्डधारक, जिनके पास बिजली व रसोई गैस का कनेक्शन नहीं है, उन्हें तीन लीटर मिट्टी का तेल भी दिए जाने का प्राविधान है। इसके बावजूद सभी कोटेदार चीनी व केरोसिन का उठान नहीं कर सके हैं। हालत यह है कि 14 मार्च तक राशन का उठान 500 से अधिक कोटेदारों ने नहीं किया है। ऐसे में शासन की ओर से निर्धारित समय सीमा तक किस प्रकार से संबंधित कोटे की दुकानों से जुड़े उपभोक्ताओं को राशन मिल सकेगा, यह बड़ा सवाल बन गया है।
तेजी से की जा रही राशन की उठान
कोटेदार संघ के अध्यक्ष राजकुमार वर्मा उर्फ मेला ने कहा कि राशन व चीनी की उठान की गई है। अप्रैल से डोर स्टेप डिलीवरी लागू हो रही है। इस माह अंत्योदय कार्ड धारकों को समय रहते केरोसिन, चीनी का वितरण हो जाएगा। इसके लिए तेजी से उठान कराई जा रही है। प्रशासन को कोटेदारों के लंबित भुगतान की तरफ भी ध्यान देना चाहिए। कई ऐसे भुगतान हैं, जो लंबे समय से लंबित हैं। उनका प्राथमिकता के साथ भुगतान कराया जाए।
निर्धारित अवधि में होगा वितरण
सभी कोटेदारों को पूर्व में ही निर्देशित किया गया था कि वे शासन के दिशा निर्देशानुसार 18 मार्च तक राशन का वितरण कर दें। निर्धारित अवधि में राशन का वितरण कराया जाएगा।
- राकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी