अंबेडकरनगर। राज्य सरकार ने तीन प्रमुख धार्मिकस्थलों के विकास के लिए धनराशि को मंजूरी दे दी है। बीते दिनों ही पवित्र गोविंदसाहब के लिए दो करोड़ जबकि ब्रह्मबाबा धाम व हनुमानगढ़ी घाट के लिए एक-एक करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
जिले के धार्मिकस्थलों व प्रमुख स्थानों के विकास को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चला रखा है। चौराहों, महत्वपूर्ण स्थानों आदि का लगातार सुंदरीकरण हो रहा है। जिला प्रशासन ने पर्यटन विभाग के माध्यम से शासन को कई धार्मिकस्थलों के विकास के लिए प्रस्ताव भेजा था। एमएलसी हरिओम पांडेय ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर धार्मिकस्थलों की सूची विकास के लिए सौंपी थी। अमर उजाला ने इसके बाद पांच धार्मिकस्थलों का जिक्र करते हुए खबर प्रकाशित की थी कि सरकार ने उनके विशेष सुंदरीकरण का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में पर्यटन विभाग ने आलापुर तहसल के पवित्र गोविंदसाहब धाम के पर्यटन विकास के लिए दो करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। जलालपुर तहसील के ब्रह्मबाबा धाम के पर्यटन विकास को एक-एक करोड़ जबकि टांडा तहसील के हनुमानगढ़ी घाट के पर्यटन विकास को भी एक करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। एमएलसी हरिओम पांडेय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित धनराशि से इन धार्मिकस्थलों का विकास होगा। इससे लाखों श्रद्धालुओं को और ज्यादा सुविधा आने वाले दिनों में मुहैया कराई जा सकेगी।