भीटी (अंबेडकरनगर)। तालाब के पट्टे को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार को उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब तहसील परिसर में ही आधा दर्जन से अधिक लोगों ने पूर्व प्रधान की पिटाई कर दी। पीड़ित पूर्व प्रधान ने थाने पर तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
परियाए गांव निवासी पूर्व प्रधान अनिल कुमार सिंह के अनुसार वे मंगलवार की पूर्वाह्न में तालाब के पट्टे हेतु तहसील परिसर में खड़े थे। तभी करीब एक दर्जन लोग वहां पहुंचे और तालाब की नीलामी में भाग न लेने की धमकी देने लगे। पूर्व प्रधान के विरोध करने पर हमलावरों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया और मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना एसडीएम भीटी को दी गई, जिन्होंने तत्काल थानाध्यक्ष को जानकारी देते हुए पीड़ित को तहरीर देने को कहा। पूर्व प्रधान ने तीन नामजद सहित कुल 9 लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है, जिनमें छह अज्ञात हैं। थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।