अंबेडकरनगर। जिले के पूर्व सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने डीएम, सीडीओ और एडीएम के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दायर की है। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होगी।
पूर्व सीएमओ पर अस्पतालों के नवीनीकरण के नाम धन उगाही के आरोपों की शिकायत की गई थी। तत्कालीन डीएम अनुपम शुक्ला ने 12 सितंबर 2025 को एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. सदानंद गुप्ता की अध्यक्षता में जॉइंट मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह व एसडीएम डॉ. शशि शेखर की टीम गठित की थी। इसकी रिपोर्ट डीएम को दी गई थी। इसमें टीम ने सीएमओ की ओर से पंजीकरण व नवीनीकरण में जानबूझकर अनियमितता किए जाने के आरोपों की पुष्टि की थी।
इसकी रिपोर्ट फरवरी 2026 में शासन को भेज दी गई थी। इसके आधार पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आठ मई को सीएमओ व एसीएमओ के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए थे। इस पूरे मामले में जलालपुर के रामगढ़ मार्ग फरीदपुर निवासी सलिल व डॉ. पीयूष उपाध्याय अध्यक्ष आईडीए ने भी शिकायत की थी। सीएमओ के ऊपर लगे आरोपों का मामला विधान परिषद में भी उठा था। पिछले दिनों सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल का तबादला संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य के पद पर कर दिया गया था।अब सीएमओ की ओर डीएम, सीडीओ और एडीएम के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है, जिस पर आज सुनवाई होगी।